यूरिया लेने के लिए उमड़ी किसानों की भीड़। संवाद
धौरहरा। साधन सहकारी समिति ईसानगर में यूरिया लेने को किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालात नियंत्रण से बाहर होते देख पुलिस की मौजूदगी में यूरिया का वितरण कराया गया।
सहकारी समिति में बारिश के बाद यूरिया आने की सूचना पर अचानक अत्यधिक संख्या में किसान पहुंच गए। इससे अव्यवस्था की स्थिति बन गई। यूरिया न मिलने से नाराज सैकड़ों किसान धक्का मुक्की पर उतर आए। सूचना पर थानाध्यक्ष निर्मल तिवारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने समिति कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए, कि खाद वितरण बिना किसी भेदभाव के किया जाए तथा टोकन व्यवस्था का कड़ाई से पालन हो।
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस व प्रशासन की सक्रियता से व्यवस्था सामान्य हो सकी और किसान क्रमवार ढंग से यूरिया प्राप्त करने लगे।