नीमगांव थाना क्षेत्र के गांव रामपुर में वेदप्रकाश हत्याकांड मामले में दूसरे दिन भी पुलिस के हाथ कोई साक्ष्य न लगने के कारण गुत्थी और उलझती जा रही है। वहीं एएसपी एपी सिंह ने सोमवार की रात गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार औैर ग्रामीणाें से हत्याकांड के बारे में जानकारी हासिल की। साथ ही उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच करने के निर्देश एसओ बृजेंद्र सिंह यादव को दिए हैं।
सोमवार को रामपुर निवासी वेदप्रकाश वर्मा का शव थनियनपुरवा नाले के पास मिला था। इस मामले में मृतक के पुत्र ने चाचा जगदीश वर्मा के खिलाफ तहरीर दी थी, जिस पर पुलिस ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। यह बात रिश्तेदारों औैर परिवार वालों के गले नहीं उतर रही है। इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं भी होने लगी है। एएसपी एपी सिंह ने घटना की बावत गांव पहुंचकर विस्तृत जानकारी करने के बाद कहा हैै कि हत्या जैसे जघन्य अपराध में किसी निर्दोष को नहीं फंसने दिया जाएगा। एसओ को निर्देश देते हुए कहा कि मामले की गंभीरता से निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कार्र्रवाई की जाए।
कहीं दूसरी जगह हत्या कर शव यहां तो नहीं फेंका
थनियनपुरवा के निकट जिस जगह वेदप्रकाश का शव मिला और बाइक खड़ी थी। वह जगह खेतों के बीच है। कच्चे रास्ते तो हैं, लेकिन सूर्यास्त के बाद आवागमन बंद हो जाता है। घटनास्थल पर खून की कुछ बूंदें मिलीं हैं, लेकिन हत्या के समय की प्रतीत नहीं हो रहीं हैं। मृतक की चप्पलें अलग रखी हुईं थीं, लेेकिन अन्य कोई निशान नहीं पाए गए। खास बात यह है कि करीब दो माह पूर्व इसी जगह पर एक शव पेड़ से लटका मिला था। उसकी भी बाइक वहीं पर खड़ी मिली थी।
एसओ बृजेंद्र सिंह यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दो गोली लगने से मौत होना बताया गया हैै। हत्याकांड के संबंध में साक्ष्यों को जुटाया जा रहा है। कई बिंदुओं पर जांच चल रही है। शीघ्र ही खुलासा कर लिया जाएगा।