प्रदेश सरकार के अधिवक्ता विरोधी रवैया के विरोध में मंगलवार को जिले के अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करने के बाद प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। अधिवक्ता सिविल कोर्ट परिसर से सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट परिसर पहुंचे और एडीएम कार्यालय के सामने पहुंचकर प्रदेश सरकार के पुतला दहन किया।
अधिवक्ता संघ उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष और यूपी बार कौंसिल के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार शुक्ल एडवोकेट ने बताया कि अधिवक्ता कल्याण की योजनाएं लागू न किए जाने से रोष है। अधिवक्ता और उनके परिवारीजनों पर हो रहे हमले के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न किए जाने के विरोध में यह आंदोलन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक जनवरी 2014 से दिवंगत अधिवक्ताओं के परिवारीजनों को पांच लाख रुपये मिलना तो दूर 50 हजार रुपया मिलना भी बंद हो गया है।
उन्होंने अधिवक्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार भ्रष्ट अफसरों के सामने असहाय नजर आ रही है। भ्रष्ट अफसर प्रदेश की जनता की खून पसीने की गाढ़ी कमाई लूट रहे हैं। जन कल्याण की छोटे बजट वाली योजनाओं को लागू करने में हीला हवाली कर स्वयं को मितव्ययी साबित करने का प्रयास कर रही है।
बार कौंसिल आफ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर अधिवक्ताओं ने जिला मुख्यालय के साथ- साथ तहसील स्तर पर भी विरोध प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार का पुतला जलाया। बार कौंसिल के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि खीरी जिले के अलावा बदायूं, रामपुर, मुरादाबाद, पीलीभीत, हरदोई, शाहजहांपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, फत्तेपुर, संत कबीरनगर, बहराइच, गोंडा, बनारस, बलिया, लखनऊ, इलाहाबाद, आगरा, नोयडा, कानपुर में भी विरोध प्रदर्शन किया गया।
उन्होंने यह भी बताया कि अधिवक्ताओं की समस्याओं का निराकरण न होने पर आगामी 23 मार्च को प्रदेश भर के अधिवक्ता विधानसभा का घेराव करेंगे।