निघासन। कोतवाली क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से एक अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। हालत नाजुक होने पर उन्हें लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
गांव खैरहनी निवासी तकुना देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका नाती अधिवक्ता आनंद कुमार पुत्र कढिले प्रसाद 30 मार्च की शाम तहसील निघासन से बाइक से घर लौट रहे थे। पलिया-निघासन मार्ग पर गांव के पास मोड़ पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी और चालक मौके से भाग गया।
हादसे में आनंद कुमार गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। राहगीरों की सूचना पर एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी निघासन ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल लखीमपुर रेफर कर दिया गया। वहां हालत में सुधार न होने पर उन्हें लखनऊ मेडिकल कॉलेज भेजा गया। बाद में बलरामपुर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन स्थिति गंभीर बनी रहने पर डॉक्टरों ने हाथ खड़े कर दिए। वर्तमान में उनका इलाज लखनऊ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां वह आईसीयू में भर्ती हैं और अभी तक होश में नहीं आए हैं।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।