आदिवासी थारू क्षेत्र चंदन चौकी की एकीकृत जनजाति विकास परियोजना कार्यालय के सभागार में डीएम किंजल सिंह ने गोद लिए गए थारू क्षेत्र के विकास की रूप रेखा तैयार करने के लिए जिले के समस्त अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें उन्होंने तमाम दिशा निर्देश दिए।
डीएम ने पहले चरण में थारू क्षेत्र केे दस गांवों धुसकिया, मंगलपुर, पचपेड़ा, पोया, सौनहा, नझोटा, भूड़ा, बनकटी, छिदिया पश्चिम और कजरिया को आदर्श गांव बनाने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने आगामी 15 नवंबर को दुधवा के पर्यटन सत्र का शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा और थारू क्षेत्र के भ्रमण करने की बात भी बताई। इससे पूर्व डीएम ने चयनित गांवों में शौचालय, गहरी नालियों, घरों के बाहर कूड़ादान रखने, मद्यनिषेध के लिए जन जागरूकता कार्यक्रम से लोगों को जागरूक करने, मॉडल स्कूल, शुद्ध पेयजल और जंगल क्षेत्र में प्लास्टिक पर पूर्ण रोक लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने इन गांवों के विकास के लिए विभाग से संबंधित अधिकारियों से वास्तविक वस्तुस्थिति की जानकारी भी ली और विकास के लिए रायशुमारी की। मंगलपुर, सौनहा, धुसकिया, पोया आदि गांवों का भ्रमण कर विकास कार्य भी देखे। इस अवसर पर बेसिक शिक्षाधिकारी ओपी राय, समाज कल्याण अधिकारी ओपी सिंह, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट पल्लवी मिश्रा, वार्डेन दुधवा नरेंद्र उपाध्याय, एसडीएम पलिया सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।