लखीमपुर खीरी। यूपी बोर्ड का परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अब स्नातक की कक्षाओं में प्रवेश प्रक्रिया शुरू होनी है। इसके लेकर युवराज दत्त महाविद्यालय में तैयारियां तेज कर दी गईं हैं। यहां पर बीए में 1320 सीटों पर प्रवेश लिए जाने हैं। इसके अलावा इस बार बीए समाजशास्त्र की 60 सीटों पर प्रवेश के लिए मान्यता मिल गई है। प्रवेश मेरिट के आधार पर लिए जाएंगे। अलग-अलग वर्गों के लिए अलग-अलग फीस शेड्यूल तय किया गया है।
शहर के सबसे बड़े और सरकारी कॉलेज युवराज महाविद्यालय (वाईडीसी) में बीए, बीएससी, बीकॉम सहित एमए और एमकॉम के लिए प्रवेश लिए जाते हैं। प्रक्रिया मई के पहले सप्ताह से शुरू होगी। हर बार उक्त कॉलेज में प्रवेश लेने के लिए मारामारी होती है। प्राइवेट कॉलेजों के मुताबिक वाईडीसी में कम फीस और ज्यादा सीटें होने के चलते कॉलेज अभिभावकों के साथ-साथ प्रवेशार्थियों की पहली पसंद होता है।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हेमंत पाल ने बताया कि इस बार विश्वविद्यालय की ओर से समाजशास्त्र विषय के लिए 60 सीटों पर प्रवेश की मंजूरी मिली है। बताया कि बीए में पहले से वैसे तो कई विषय शामिल हैं, लेकिन इस बार समाजशास्त्र विषय में भी प्रवेश लिए जाएंगे।
बीते शुक्रवार को यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम घोषित किया था, इसके बाद स्नातक में प्रवेश लेने के लिए बच्चे कॉलेजों से संपर्क करने में जुट गए हैं। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हेमंत पाल ने बताया कि प्रवेशार्थी पहले लर्न यानी (LURN) में पंजीकरण कराने के बाद ही आवेदन करें।
बनी रहे पारदर्शिता इसलिए, ऑनलाइन लिए जा रहे आवेदन
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हेमंत पाल ने बताया कि कॉलेज में ऑनलाइन आवेदन की सुविधा कुछ साल पहले ही शुरू की गई थी। आवेदन ऑनलाइन होने की वजह से प्रवेश में पारदर्शिता बनी रहती है। वहीं अभिभावक भी किसी असमंजस में नहीं रहते। पहले प्रवेशार्थियों को आवेदन से लेकर फीस जमा करने तक लंबी लाइनों में घंटों समय खराब करना पड़ता था, लेकिन पूरा सिस्टम ऑनलाइन होने से बच्चे घर बैठकर भी फीस आदि जमा कर सकते हैं।
कॉलेज में उपलब्ध सीटें
बीए- 1320
बीकाम- 360
बीएससी- 600
बीएड- 50
एमए फिलाॅसफी- 60
एमए अंग्रेजी- 60
एमए राजनीतिक विज्ञान- 120
एमए हिन्दी- 60
एमए अर्थशास्त्र- 60
एमए इतिहास- 60
एमकॉम- 60
एमएससी बाॅटनी- 20