लखीमपुर खीरी। युवराज दत्त महाविद्यालय (वाईडीसी) में नए सत्र के प्रवेश को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कॉलेज प्रशासन के अनुसार 15 जून से प्रवेश प्रक्रिया शुरू होगी। विद्यार्थियों से अपने सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखने और आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गई है।
जिले में सबसे अधिक सीटों वाले इस महाविद्यालय में बीए की 1320, बीकॉम की 360, बीएससी की 600, बीएड की 50 सीटों पर प्रवेश होंगे। इसके अलावा एमए फिलॉसफी में 60, एमए अंग्रेजी में 60, एमए राजनीति विज्ञान में 120, एमए हिंदी में 60, एमए अर्थशास्त्र में 60, एमए इतिहास में 60, एमकॉम में 60 और एमएससी बॉटनी में 20 सीटों पर दाखिले किए जाएंगे।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हेमंत पाल ने बताया कि इंटरमीडिएट का परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद प्रवेश प्रक्रिया को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए कॉलेज परिसर में प्रवेश समिति गठित की गई है। समिति के सदस्य प्रवेश से जुड़ी समस्याओं का समाधान करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए इस बार भी आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। छात्र-छात्राएं घर बैठे आवेदन पत्र भर सकेंगे और फीस भी ऑनलाइन जमा कर सकेंगे।