छेदुई पतिया इंटर कॉलेज। स्रोत: ग्रामीण
मझगईं। छेदुई पतिया के राजकीय इंटर कॉलेज में प्रवेश का बैनर तो लगा है, लेकिन विषय तय न होने से स्कूल में ताला लटका है। प्रवेश लेने पहुंचे छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक मायूस होकर लौट रहे हैं। करोड़ों रुपये की लागत से बने इस कॉलेज से आसपास के 50 गांवों के लोगों को बड़ी उम्मीद थी।
छेदुई पतिया और आसपास के 50 गांवों के छात्र-छात्राएं 11वीं में प्रवेश के लिए इस नए कॉलेज की ओर उम्मीद से देख रहे थे। अभिभावकों को लगा था कि अब बच्चों को 15 से 20 किलोमीटर दूर निघासन या पलिया नहीं जाना पड़ेगा। इसी उम्मीद में वे फॉर्म और फीस लेकर कॉलेज पहुंचे, लेकिन स्कूल में ताला मिला।
सूत्रों के मुताबिक, जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय से अब तक विषयों और कक्षाओं के संचालन संबंधी पत्र जारी नहीं हुआ है। इसी कारण प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं हुई तो वे तहसील से लेकर जिले के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन करेंगे।
मुझे एक जुलाई को बुलाया गया था। विषय तय कराने और प्रवेश प्रक्रिया शुरू कराने के लिए डीआईओएस कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया गया है। वहां से आश्वासन मिला है। जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से पत्र प्राप्त होते ही प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।
-सोनी राठौर, प्रधानाचार्य