लखीमपुर खीरी। बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षा में शून्य निवेश नवाचार समेत विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों में अच्छा प्रदर्शन करने वाली सदर ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय कालाडुंड की सहायक अध्यापक (विज्ञान) आदित्या कुमारी को राज्य अध्यापक पुरस्कार 2019 से सम्मानित किया जाएगा। शासन ने प्रदेश के सभी जिलों से 73 शिक्षकों का चयन राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए किया है।
जनपद के 17 शिक्षकों ने राज्य अध्यापक पुरस्कार 2019 के लिए आवेदन किया था, जिनके साक्षात्कार के बाद नाम शासन को भेजे गए थे। खंड शिक्षा अधिकारी रामजनक वर्मा ने बताया: उच्च प्राथमिक विद्यालय आदित्या कुमारी नवाचार के माध्यम से बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान कर रही हैं। उधर, पुरस्कार के लिए चयन होने से उत्साहित शिक्षिका आदित्या कुमारी ने बताया कि नवाचारों को राज्य स्तर पर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से टाटा ट्रस्ट की पुस्तक के लिए चुना जा चुका है। वह बेसिक शिक्षा निदेशक द्वारा भी उत्कृष्ट शिक्षक का पुरस्कार प्राप्त कर चुकीं हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक के लिए छात्रों की उपलब्धियां काफी अहमियत रखती हैं। 2018 में उनके मार्गदर्शन में राष्ट्रीय स्तर की ऑल इंडिया निबंध प्रतियोगिता में छात्रा निशा वर्मा को प्रथम स्थान मिला था। 2019 में विद्यालय के छात्र दीपक और छात्रा करिश्मा का चयन इंस्पायर्ड अवार्ड के लिए हुआ था। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनके मार्गदर्शन में विद्यालय के तीन छात्र ब्रिक्स मैथ्स परीक्षा में प्रतिभाग करकेे 100 स्कोर के साथ प्रथम राउंड पास कर चुके हैं। संवाद