पलियाकलां। स्वास्थ्य विभाग के अपर निदेशक डॉ. आलोक कुमार ने सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया और थारु क्षेत्र के धुसकिया उपकेंद्र का निरीक्षण किया। यहां कोविड-19 की वैक्सीन के रखरखाव के इंतजामों को देखने के साथ ही विस्तृत जानकारियां भी लीं।
रविवार को अपर निदेशक डॉ. आलोक कुमार सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल के साथ पलिया क्षेत्र में पहुंचे थे। उन्होंने यहां सबसे पहले थारू क्षेत्र के धुसकिया उपकेंद्र पर पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं। धुसकिया में कोविड-19 की वैक्सीन के रखरखाव के इंतजाम परखे और साफ-सफाई के निर्देश दिए। फिर अपर निदेशक पलिया सीएचसी पहुंचे। यहां उन्होंने फार्मेसी व वार्डों का निरीक्षण किया। यहां भी उन्होंने कोविड-19 की वैक्सीन के रखरखाव के इंतजाम देखे। कोल्ड चेन के डीप फ्रिजर, आईलआर के बारे में जानकारी ली। बताया गया कि सीएचसी में दो आईएलआर, चार डीप फ्रिजर हैं। कोल्ड चेन की व्यवस्था अपर निदेशक को ठीकठाक मिली। काउंसलर अंकित दीक्षित ने बताया कि पलिया में अभी तक कुल 426 केस मिले थे, जिसमें आठ की मृत्यु हायर सेंटर में हुई है। 12 लोग होम आइसोलेट हैं। इसके अलावा 402 लोग कोविड से स्वस्थ हो चुके हैं। निरीक्षण के दौरान सीएचसी अधीक्षक डॉ. हरेंद्र नाथ वरुण, डॉ. अजीत सिंह, डॉ. आरके वर्मा समेत सीएचसी स्टाफ मौजूद रहा।