ओयल। सीतापुर-लखीमपुर फोरलेन किनारे नहर के पास अवैध रूप से कराई जा रही प्लॉटिंग पर सोमवार को जिला पंचायत और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर कार्रवाई की। शाम करीब छह बजे जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी रवींद्र कुमार, अभियंता राकेश सिंह, एई राजीव कुमार तथा राजस्व विभाग से नायब तहसीलदार सुनील कुमार, कानूनगो छोटेलाल पांडेय, क्षेत्रीय लेखपाल अनुज मिश्रा, अजीत कुमार सहित ओयल पुलिस और अन्य राजस्व कर्मियों की टीम कस्बे के बाईपास राजा रोड और नहर के बीच स्थित गाटा संख्या 540/0.3640 हेक्टेयर पर पहुंची।
विज्ञापन
यहां सरोजनी प्रॉपर्टीज का बोर्ड लगा था। बोर्ड पर जिला पंचायत और राजस्व निरीक्षक की 19 जून 2026 का नोटिस चस्पा था। नोटिस में बिना मानचित्र स्वीकृत कराए प्लॉटिंग किए जाने का उल्लेख था। इसके बाद टीम ने बुलडोजर चलाकर प्लॉटिंग को ध्वस्त करा दिया।
भूमि स्वामी और प्रॉपर्टी डीलर ने लगाए आरोप गाटा संख्या 540 के भूमि स्वामी मंजीत सिंह ने लेखपाल अनुज मिश्रा पर आरोप लगाया कि प्लॉटिंग का नक्शा पास कराने के लिए उनसे मोबाइल फोन की मांग की गई थी। वहीं प्रॉपर्टी डीलर लवकुश मिश्रा ने भी नक्शा पास कराने के नाम पर एक लाख रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। लेखपाल अनुज मिश्रा ने इन आरोपों को निराधार और बेबुनियाद बताया।