लखीमपुर खीरी। ओवररेटिंग और घटतौली के मामलों में बांट-माप विभाग ने 92 दुकानदारों पर कुल 1.34 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। एक माह के भीतर जुर्माना जमा न करने पर आरसी जारी की जाएगी।
बांट-माप अधिकारी जगदीश वर्मा ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 285 दुकानों का निरीक्षण किया गया। इनमें 92 दुकानों पर घटतौली, ओवररेटिंग समेत अन्य अनियमितताएं मिलीं। कुछ मामलों में शिकायत के बाद जांच में गड़बड़ी की पुष्टि हुई, जबकि कुछ औचक निरीक्षण में पकड़ी गईं।
उन्होंने बताया कि पलिया में एक दुकानदार 65 रुपये की कोल्डड्रिंक 90 रुपये में बेचता मिला। लखीमपुर के कचहरी रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में 20 रुपये की 250 एमएल कोल्डड्रिंक 25 रुपये में बेची जा रही थी। सिसैया में एक दुकानदार 85 रुपये की सिगरेट की डिब्बी 96 रुपये में बेचते पकड़ा गया।
अनियमितता मिलने पर दुकानदारों पर तीन से पांच हजार रुपये तक जुर्माना लगाया गया। साथ ही चेतावनी दी गई कि दोबारा गड़बड़ी मिलने पर सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।