खीरी टाउन। थाना क्षेत्र के ककरा गांव के निकट एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा कर खाई में गिर गई। हादसे में कार सवार चार दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 108 एंबुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। रास्ते में एक युवक की मौत हो गई।
कोतवाली सदर क्षेत्र के पनगीकलां खुर्द निवासी अनिल पुत्र ओम प्रकाश लखनऊ में ड्राइवरी करता है। दीपावली की छुट्टी पर अपने मालिक की कार लेकर अपने घर आया था। बुधवार सुबह अनिल का छोटा भाई विनय गाड़ी लेकर अपने तीन दोस्त शिवा पुत्र रामविलास, रोहित पुत्र रामनाथ और अंकित गौड़ पुत्र उमाकांत निवासी ग्राम पनगी कलां को साथ लेकर घूमने निकला था। इसी बीच रामापुर से अमृतागंज मार्ग पर ककरा गांव के निकट मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई और इसके बाद खाई में गिर गई। चारों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची खीरी थाना पुलिस ने चारों घायलों को 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां रास्ते में 24 वर्षीय अंकित गौड़ की मौत हो गई। उधर, नौजवान बेटे की मौत से परिवार में सभी का रो-रोकर बुरा हाल है। त्योहार का उल्लास मातमी सन्नाटे में बदल गया।