गोला गोकर्णनाथ। रविवार की रात साढ़े 11 बजे प्रभारी निरीक्षक की कार खुटार रोड पर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकरा गई, जिसमें वह बाल बाल बच गए।
प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार पांडे ने बताया कि वह रविवार को एक मामले की विवेचना में अपनी निजी कार से जिले से बाहर गए थे। रात साढ़े 11 बजे वापस आते समय ड्राइवर को झपकी लग जाने से कार खुटार रोड पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई। उनका कहना है कि हादसे में उन्हें और ड्राइवर को चोट नहीं आई। संवाद
-
मोहम्मदी : खाई में गिरा ट्रैक्टर, चालक घायल
मोहम्मदी। पुवायां मोहम्मदी रोड पर एक ट्रैक्टर खाई में पलटने से क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि चालक घायल हो गया।
जनपद शाहजहांपुर के थाना निगोही के गांव कबीरापुर के राकेश कुमार का ट्रैक्टर उनका भतीजा सत्यवीर कुमार लेकर जा रहा था। सोमवार को सुबह तीन बजे चालक को नींद आने से ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गुलरिया परवसतनगर से पहले सड़क की दाहिनी ओर खाई में पलट गया, जिसके नीचे दबने से सत्यवीर घायल हो गया। सत्यवीर ने पीआरबी पुलिस को फोन किया। इस दौरान उसके चाचा भी मौके पर पहुंच गए और गांव के लोगों को इकट्ठा कर चालक को बाहर निकाला। चालक के पैर में चोट आने पर उसे शाहजहांपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। संवाद
डिवाइडर से टकराई कार, चालक घायल
ओयल। चौकी क्षेत्र अंतर्गत लखीमपुर-सीतापुर फोर लेन पर अनियंत्रित होकर एक कार डिवाइडर से टकराकर खाई में जा गिरी, जिससे कार चालक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
थाना गोला क्षेत्र अंतर्गत वजीरनगर निवासी हरिकिशोर पुत्र राम भरोसे निजी कार से सुबह करीब 11 बजे थाना कोतवाली सदर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मढ़राही में अमित कुमार वर्मा के यहां अपनी ससुराल जा रहा था कि तभी अचानक चौकी क्षेत्र अंतर्गत सीतापुर-लखीमपुर फोरलेन स्थित ग्राम सांवलसिंहपुरवा के प्राथमिक विद्यालय के सामने अनियंत्रित होकर कार डिवाइडर से टकराकर बाईं ओर खाई में जा गिरी। जिससे कार चालक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर डायल 112 पीआरवी 2901 से पहुंचे हेड कांस्टेबल रामकिशोर, मुन्नीलाल व चालक अभिषेक मिश्रा ने ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे युवक को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। संवाद