संपूर्णानगर (लखीमपुर खीरी)। थाना क्षेत्र के बसही कॉलोनी निवासी युवक की तेज रफ्तार बाइक पेड़ से टकरा गई, जिससे गंभीर रूप से घायल हुए युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक हेलमेट नहीं लगाए था। युवक की मौत से परिवार वालों का रोरोकर बुरा हाल है।
बसही निवासी छोटेलाल गुप्ता के घर बुधवार को कुछ कार्यक्रम था, जिसके लिए उनका 20 वर्षीय पुत्र अंकित गुप्ता बाइक से सुबह केला का पत्ता लेकर आ रहा था। इस दौरान सड़क पर टहल रहे अपने पिता को तेज रफ्तार बाइक से बचाने की कोशिश में उसकी बाइक बेकाबू हो गई और पेड़ से टकरा गई। हेलमेट न लगाने की वजह से उसके सिर में चोटें आईं। परिजन इलाज के लिए उसे बरेली लेकर जा रहे थे लेकिन पीलीभीत के पास युवक ने दम तोड़ दिया। परिजन ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। उधर युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। दो पुत्रों में अंकित छोटा था और उसकी अभी शादी भी नहीं हुई थी।
--
बस से टकराई कार, हाथापाई तक पहुंचा मामला
पलियाकलां। शहर की बाईपास रोड पर उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक चौपहिया वाहन बैक करते समय बस से टकरा गया। जिस पर वाहन चालक व बस मालिकों के बीच विवाद हो गया। मामला मारपीट तक पहुंच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया।
शहर की बाईपास रोड पर कई बस सर्विस वालों की बसों को खड़ा करने के लिए गैराज आदि बने हैं। बाईपास रोड पर ही एक बस सर्विस की बस सड़क किनारे खड़ी थी। इस दौरान एक चौपहिया वाहन चालक अपनी गाड़ी को बैक करने लगा। गाड़ी बैक होने पर वह बस से टकरा गई, जिसके बाद गुस्साए बस मालिकों व चौपहिया वाहन चालक में नोंकझोंक होने लगी, मामला हाथापाई तक पहुंच गया। जिसकी सूचना मिलने के बाद चौकी इंचार्ज उदयभान यादव दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत करवाया।
--
कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक घायल
शारदानगर। चौकी क्षेत्र में निघासन मार्ग पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव बेलपुरवा क्रशर के पास बुधवार शाम बाइक और कार की भिड़ंत हो गई, जिसमें शहर निवासी बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने घायल युवकों को जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कि बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे। संवाद
--
दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, तीन घायल
धौरहरा। पीलीभीत बस्ती मार्ग पर खमरिया चौकी क्षेत्र के जंगलीनाथ मंदिर के समीप दो बाइकों में आमने सामने हुई टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुचीं पीआरवी ने सभी घायलों को सीएचसी खमरिया में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने सभी को जिला मुख्यालय रेफर कर दिया।
बुधवार को एनएच 730 पर जंगलीनाथ मंदिर के समीप बाइक सवार रोहित पुत्र ननकू निवासी दुलही थाना ईसानगर अपने साथी कमलकिशोर पुत्र इतवारी के साथ लखीमपुर की तरफ जा रहा था तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक सवार सुरेंद्र पुत्र राकेश निवासी लहबड़ा थाना लहरपुर जनपद सीतापुर से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पीआरवी 2894 ने सभी घायलों को लेकर सीएचसी खमरिया में भर्ती कराया ,जहां सभी की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला मुख्यालय रेफर कर दिया।बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए हुए थे। संवाद