धौरहरा (लखीमपुर खीरी)। देवरिया से खजुरिया जा रही एक निजी स्लीपर बस रमियाबेहड़ के पास अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें छह लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक बनी हुई है और उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। जबकि अन्य घायलों को अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है।
जनपद देवरिया से करीब सौ सवारियों को लेकर एक स्लीपर बस पलिया थाना क्षेत्र के खजुरिया जा रही थी। रविवार सुबह करीब चार बजे रमियाबेहड़ के पास बस अनियंत्रित होकर पलट गई। जिससे बस में सवार शाहिद पुत्र शुबराती, जेनब खातून पत्नी मुन्ने, साबरुन निशा पत्नी शाहिद, अलीशा खातून पुत्री मेहंदी, नैसा खातून पत्नी मेहंदी निवासी कृष्णा नगर, थाना सम्पूर्णानगर और आजमगढ़ के अनिल पुत्र धर्मराज घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर पाल ने घायलों को सीएचसी रमियाबेहड़ में भर्ती कराया जहां डाक्टर ने इलाज के बाद पांच घायलों को छुट्टी दे दी, जबकि सकरुननिशां की हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
--
धड़ल्ले से चल रहे हैं डग्गामार वाहन
धौरहरा। क्षेत्र में मजदूरों को लेकर आने जाने वाली प्राइवेट बसें जो देवरिया, आजमगढ़, बलिया और दिल्ली शहरों को जाती हैं, इन सभी का कोई रूट निर्धारित नहीं है और न ही इनके पास कोई वैध परमिट है। इनकी तरफ न तो परिवहन विभाग और न ही प्रशासनिक अधिकारी और न ही पुलिस ध्यान दे रही है । आए दिन इन बसों से कोई ना कोई हादसा हो रहा है, बावजूद इसके जिम्मेदार अधिकारी मौन हैं।
--
जो बस पलटी है यह खैरा टांसपोर्ट पलिया की है, उसमें जो घायल थे उन्हें इलाज के लिए सीएचसी रमियाबेहड़ में भर्ती कराया गया था। दुर्घटना ग्रस्त बस का निर्धारित रूट परमिट भी है । यदि कोई वाहन बिना परमिट चल रहा है तो उसकी जांच होगी और कार्रवाई भी की जाएगी।
- विद्यासागर पाल, प्रभारी निरीक्षक धौरहरा
--
ट्रक की टक्कर से बैलगाड़ी के परखचे उड़े
गोला गोकर्णनाथ। लखीमपुर रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से गन्ने से लदी बैलगाड़ी के परखचे उड़ गए। हादसे में भैंसे की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं बैलगाड़ी चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
रविवार की अलसुबह हैदराबाद थाना क्षेत्र के गांव सकेथू निवासी रामविलास मौर्य अपनी बैलगाड़ी में गन्ना भरकर जलालपुर गुड़ कोल्हू पर गन्ना बेचने जा रहा था। जैसे ही वह लखीमपुर रोड पर रजौरा मोड़ के निकट पुलिया के पास पहुंचा, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में बैलगाड़ी के परखचे उड़ गए और सारा गन्ना सड़क पर बिखर गया। यही नहीं टक्कर से बैलगाड़ी ले जा रहे एक भैंसे की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं किसान रामविलास छिटक कर दूर जा गिरा। हादसे में दूसरा भैंसा और किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलावस्था में रामविलास मौर्य को एंबुलेंस से सीएचसी लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। बताया गया कि घटना के समय घना कोहरा था और बैलगाड़ी पर भी रेफ्लेक्टर नहीं लगे थे। हादसा होने के बाद ट्रक मौके से फरार हो गया।
-
आमने-सामने बाइक की टक्कर, पति-पत्नी और बेटा घायल
ईसानगर। मोतीपुर क्षेत्र के पीलीभीत बस्ती मार्ग पर परवानी गौढ़ी बहराइच के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे पति-पत्नी और एक बच्चा घायल हो गया।
थाना ईसानगर क्षेत्र के गांव जगदीशपुर निवासी ईश्वरदीन का पुत्र अनूप(25) पत्नी संजू(24) और एक वर्षीय बेटा रिशु जायसवाल को लेकर बाइक से पड़ोसी जनपद बहराइच के थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव रामबट्टी स्थित ससुराल जा रहा था, तभी पीलीभीत बस्ती मार्ग पर थाना मोतीपुर क्षेत्र के परवानी गौढ़ी के पास ईंट भट्ठे के समीप सामने से आ रही तेजरफ्तार बाइक से टकरा गए। टक्कर के बाद सड़क पर गिरकर तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलावस्था में राहगीरों ने इनके रिश्तेदारों को सूचना देकर सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहीपुरवा में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने तीनों को बहराइच जिला मुख्यालय रेफर कर दिया, जहां तीनों की हालत नाजुक बनी हुई है। संवाद