निघासन। पढुआ थाना पुलिस ने छह वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म के बाद उत्तराखंड भागे दस हजार के इनामी अभियुक्त को नौ दिन बाद गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
30 अक्तूबर को आरोपी जितेंद्र उर्फ सोरंगा अपने एक रिश्तेदार के घर गया था। वहां उसने छह वर्षीय ममेरी बहन के साथ दुष्कर्म किया था। पीड़ित बालिका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर तलाश शुरू की थी, लेकिन काफी दिनों तक सफलता पुलिस के हाथ नहीं लग सकी है। इस दौरान वह मौका पाकर उत्तराखंड फरार हो गया था। एसपी ने फरार अभियुक्त जितेंद्र की गिरफ्तारी पर दस हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने फरार आरोपी जितेंद्र को ढखेरवा-निघासन मार्ग के टांडा मोड़ सिसैया क्रशर के पास से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसओ निराला तिवारी ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध पाॅक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है और उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। संवाद