महेवागंज/फूलबेहड़। बीएसएफ में नौकरी दिलाने के नाम पर 19 लाख की ठगी के आरोपी को ढाई साल बाद बोकारो झारखंड से गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को चालान भेजा है।
फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के अगरा गांव निवासी हरिवंश पुत्र रामसहाय से कुछ लोगों ने बीएसएफ में नौकरी दिलाने के नाम पर 19 लाख रुपये ऑनलाइन जमा कराए थे। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने 13 दिसंबर 2022 को फूलबेहड़ थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। क्राइम ब्रांच की टीम को भी लगाया गया। धोखाधड़ी के तार जिला बोकारो राज्य झारखंड से जुड़े मिले।
फूलबेहड़ पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने राधेश्याम बाउरी पुत्र हेमचन्द्र बाउरी निवासी जयतारा थाना पिंड्राजोरा जिला बोकारो राज्य झारखंड को गिरफ्तार कर लिया। फूलबेहड़ प्रभारी निरीक्षक आलोक धीमान ने बताया कि आरोपी लोगों को नौकरी दिलाने के जाल में फंसाकर लाखों रुपये ठग लेता था।
ढाई साल पुराने धोखाधड़ी मामले के आरोपी को क्राइम ब्रांच प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप बिंद की टीम ने पकड़ा और सिविल जज बोकारो झारखंड से रिमांड ली गई। पूछताछ बाद बृहस्पतिवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया।