फरधान के गांव नयागांव कैमहरा में जलकर मरी थी विवाहिता
खुलेआम घूम रहे आरोपी, बना रहे समझौते के लिए दबाव
फरधान थाने में दर्ज एक दहेज हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीड़ित मां ने एसपी को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है। करीब 15 दिन पहले झुलसकर विवाहिता की मौत हो गई थी, जिसमें पति समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने अब तक आरोपी पति को गिरफ्तार कर चालान भेजा है, शेष तीन अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर रही है और वह बेखौफ होकर समझौते के लिए दबाव बना रहे हैं।
मैगलगंज थाने के गांव रामपुर रामदास निवासी बिट्टी देवी पत्नी राधेश्याम ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया है कि फरधान थाना क्षेत्र के गांव नयागांव कैमहरा में उसकी पुत्री गायत्री देवी पत्नी सचिन मिश्रा को ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि 19 अप्रैल 2016 को ससुराली जनों ने गायत्री को जलाकर मार डाला था। इस मामले में मृतका के भाई राजकुमार अवस्थी निवासी रामपुर रामदास ने फरधान थाने में आरोपी पति सचिन मिश्रा, ससुर भगवान सरन मिश्रा, सास रेखा और ननद नेहा के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अभी सिर्फ आरोपी पति सचिन मिश्रा को गिरफ्तार कर चालान भेजा गया हैै, लेकिन तीन आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। बिट्टी देवी ने आरोप लगाया है कि समझौता करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है, जिसके लिए आरोपी जानमाल की धमकी दे रहे हैं। एसपी ने मामले की जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।