मोहम्मदी (लखीमपुर खीरी)। कोतवाली क्षेत्र के गांव झारकोटा के मजरे असौआ में पारिवारिक झगड़े को सुलझाने के लिए मौके पर पहुंचे पुलिस वालों पर परिवार के मुखिया ने लाठियों से हमला कर दिया। हमले में दरोगा अश्विनी कुमार का सिर फट गया, जबकि पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है।
ग्राम झारकोटा के मजरा असौआ में बेचेलाल के परिवार में झगड़े की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। उस समय वहां परिवार की दो बहुएं (देवरानी-जेठानी) झगड़ रहीं थीं। पुलिस के पहुंचने से तैश में आए परिवार के मुखिया बेचेलाल, उनकी पत्नी तारावती और पुत्र लाखन ने पुलिस टीम पर लाठियों से हमला कर दिया, जिससे पुलिस वाले बमुश्किल जान बचाकर भागे। इस दौरान उपनिरीक्षक अश्विनी कुमार लाठी लगने से जख्मी हो गए।
पीआरबी 2870 के उपनिरीक्षक अश्विनी कुमार ने दी गई तहरीर में बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे सरला देवी पत्नी नरेश ने फोन करके पीआरवी को सूचना दी कि उसका जेठानी पिंकी देवी से झगड़ा हुआ है। सूचना पर मिलते ही पीआरबी झारकोटा गांव पहुंच गई। आरोप है कि वह मामले की जानकारी ले ही रहे थे कि तभी बेचेलाल, उसके पुत्रों अशोक, लाखन और बेचेलाल की पत्नी तारावती ने उनपर लाठियों से हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उसका सिर फट गया। जबकि, हमराही प्रदीप कुमार, चालक होमगार्ड परमेश्वरदीन को भी चोटें आईं। दरोगा के मुताबिक आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए काफी दूर तक दौड़ाया। किसी तरह थाने पहुंचकर मामले की जानकारी दी। थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दरोगा की तहरीर पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है और दो लोगों को हिरासत में लिया है।
आज बेटे की थी शादी, डर के मारे घर छोड़कर भागे
मोहम्मदी। कोतवाली क्षेत्र के झारकोटा गांव के मजरा असौआ में पुलिस के साथ मारपीट के मामले में चार लोगों पर मुकदमा दर्ज होने के बाद पूरा परिवार पुलिस के डर से घर में ताला डालकर भागा हुआ है, जबकि आरोपी के बेटे की आज ही शादी होनी थी।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी बेचेलाल उर्फ तौले के पांच लड़के हैं, जिनमें दो लड़कों की शादी हो गई है। जबकि, बृहस्पतिवार को तीसरे लड़के मनोज की बरात जानी थी। शादी की सभी तैयारियां भी पूरी हो गई थीं। यही नहीं, बरात में कोई कमी न रह जाए इसके लिए घर के सदस्यों में राय मशवरा हो रहा था। इसी बीच नरेश की पत्नी सरला का जेठानी के साथ मंगलवार की रात साढ़े 10 बजे जेवर आदि खरीदने को लेकर कुछ कहासुनी हो गई और मामले ने तूल पकड़ लिया, इस बीच सरला ने 112 नंबर पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता देखते हुए लड़ाई झगड़ा शांत करने के लिए पीआरवी की गाड़ी उनके घर पहुंच गई और पूछताछ शुरू कर दी। ग्रामीणों के मुताबिक घर के कुछ लोग नशे में थे, जिससे मामला भड़क गया और बेचेलाल की पत्नी और लड़कों ने पुलिस टीम को मारपीट कर खदेड़ दिया, जिसमें एसआई अश्विनी कुमार सिंह का सिर फट गया।
सूचना पर बाद में भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने मामले को किसी तरह शांत करवाया और दो लोगों को हिरासत में ले लिया। उसके बाद पुलिस की दहशत से घर के सभी सदस्य भाग गए और बरात की तैयारियां धरी की धरी रह गईं।