घटनास्थल पर लगी ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : LAKHIMPUR
बांकेगंज (लखीमपुर खीरी)। दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन के धौरहरा रेंज अंतर्गत घोसियाना धूसा खुर्द में भैंस चराने गए एक किशोर को उसकी मां की आंखों के सामने ही मगरमच्छ नाले में खींच ले गया। अब तक किशोर का सुराग नहीं लग सका है।
धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के घोसियाना धूसा खुर्द मजरा सुजई कुंड निवासी रहीस अली का 13 वर्षीय पुत्र दिशान मंगलवार शाम करीब पांच बजे गांव से सटकर बहने वाले नाले के किनारे भैंस चराने गया था। वह नाले के पास खड़ा था तभी नाले से निकला मगरमच्छ उसको टांग से पकड़कर खींचने लगा। उसके चीखने-चिल्लाने पर मां और गांव के दूसरे लोग दौड़कर वहां पहुंचे लेकिन जब तक वे कुछ कर पाते तब तक मगरमच्छ दिशान को नाले में खींच ले गया। ग्रामीणों और परिजन ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस और वन विभाग को दी। काफी तलाश की गई पर किशोर का सुराग नहीं लगा।
बुधवार सवेरे किशोर के परिजन के साथ ग्रामीण धौरहरा कोतवाली पहुंचे और मामले की तहरीर देकर किशोर का सुराग लगाने और उसके परिजन को मुआवजा देने की मांग की।
धौरहरा रेंज के घोसियाना धूसा खुर्द गांव में मगरमच्छ एक किशोर को गांव से सटे नाले में खींच कर ले गया है, वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है, उसकी तलाश की जा रही है। पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित मुआवजा दिलाने की कार्रवाई की जा रही है। - डॉ अनिल कुमार पटेल, उपनिदेशक, दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन