पलिया अस्पताल में भर्ती मजदूर। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
पलियाकलां। नगर पालिका रोड पर निर्माणाधीन भवन की दूसरी मंजिल पर काम कर रहा एक मजदूर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से झुलस गया। जोरदार करंट लगने से मजदूर झटके के साथ छत पर ही दूर जा गिरा। करंट से बुरी तरह झुलसे मजदूर को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
नगर पालिका रोड पर एक मेडिकल स्टोर का निर्माण हो रहा है। तीन मंजिला बन रही इस दुकान में दूसरी मंजिल पर नगर के मोहल्ला बरबंडा निवासी बादल का पुत्र 35 वर्षीय जियाराम मजदूरी कर रहा था। पास में ही 11 हजार की लाइन का विद्युत पोल लगा है। बादल लोहे का पाइप उठाकर नीचे ले जाने लगा। इस बीच अचानक पाइप खंभे से छू गया, जिससे तेज धमाके के साथ बादल दूर छिटककर छत पर ही गिर गया। करंट लगने से उसका हाथ काफी झुलस गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। तमाम लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। आनन-फानन में लोगों ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया है। संवाद