लखीमपुर खीरी/सिकंद्राबाद। पुलिस चौकी बेहजम क्षेत्र के शिवाला तिराहे पर सोमवार को देर रात अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में थाना महोली (सीतापुर) निवासी बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिवार वालों को सौंप दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह हेलमेट लगाए हुए था।
थाना महोली (सीतापुर) के गांव तिलकपुर निवासी दुर्गा सिंह ने बताया कि पुत्र तहेंद्र सिंह (32) बाइक से थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव बहादुरापुर जा रहा था। सोमवार की देर रात शिवाला तिराहे पर अज्ञात चार पहिया वाहन के चालक ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर बेहजम चौकी इंचार्ज अनिल पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने पंचायतनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार वालों को सौंप दिया। इंस्पेक्टर नीमगांव गजेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद