पसगवां (लखीमपुर खीरी)। नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को एक टेंपों अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेंपों में सवार शाहबाद (हरदोई) निवासी दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं। परिवार वालों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इस पर पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शवों को परिवार वालों को सौंप दिया।
हरदोई जिले की कोतवाली शाहाबाद के ग्राम फतेहपुर ग्रन्ट निवासी अजोद्धी की पत्नी जमुना देवी (60) और फकीरे की पत्नी लीलावती (65) अपने-अपने मायके आईं थी। शुक्रवार को वे लोग टेंपो से अपने घर लौट रहीं थी। टेंपों में दो अन्य महिलाएं भी सवार थीं। दोपहर 12 बजे पनई चौराहे के निकट टेंपो अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस घटना में महिलाएं टेंपो के नीचे दब गईं। शोरशराबा होने पर तमाम लोग मौके पर पहुंच गए और टेंपो को सीधा कर उनमें फंसी महिलाओं को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल होने के कारण मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों महिलाओं को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टर ने जमुना देवी (60) और लीलावती (65) को मृत घोषित कर दिया। इधर हादसे की सूचना मिलते ही दोनों महिलाओं के परिवार में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए। मृतक महिलाओं के परिजन राकेश कुमार और रामकृपाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे। प्रभारी निरीक्षक आदर्श कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने पुलिस कार्रवाई और पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। इस पर दोनों शव उनके परिवार वालों को सौंप दिए गए हैं।
.............
डीसीएम की टक्कर से पैदल जा रहा युवक घायल
मितौली। कसबा मितौली की बंजारा बस्ती निवासी बाबू (28) गुरुवार दोपहर किसी काम से जा रहा था। मैनहन तिराहे के पास डीसीएम की टक्कर से वह घायल हो गया। पुलिस ने एंबुलेंस से सीएचसी मितौली भेजाए जहां से डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। डीसीएम पुलिस के कब्जे में है। संवाद