मझगईं। तिलक समारोह से गुरुवार रात वापस जा रहे बाइक सवार की भैंसों से टक्कर हो गई। इस घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं उसके साथी समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, दोनों को सीएचसी भेजा गया। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इधर जानकारी पाकर मौके पर पहुंचे परिजन हंगामा करने लगे, जिन्हें समझाबुझाकर पुलिस ने शांत किया। बाइक सवार युवक ने हेलमेट नहीं लगाया था।
थाना निघासन के सेमरहिया गांव निवासी अवधेश कुमार की पुत्री का गुरुवार को तिलक समारोह मझगईं चौकी क्षेत्र के कंधरहिया गांव निवासी दिनेश के यहां था। तिलक में अवधेश का पड़ोसी पुत्तूलाल का पुत्र राकेश कुमार (25) भी बाइक से आया था। राकेश तिलक चढ़वाकर देर रात अपने साथी बांकेलाल (24) के साथ वापस निघासन अपने घर जा रहा था। इसी दौरान बौधि निवासी भैंसों को चराकर राजकुमार यादव भी वापस गांव के लिए जा रहा था। तेज गति से आ रही बाइक और सामने से पड़ने वाली लाइट की वजह से निघासन रोड पर मीरी पीरी खालसा एकेडमी के सामने बाइक चालक भैंसों को न देख सका और चारवाहा राजकुमार को टक्कर मारता हुआ भैंसों में बाइक लेकर घुस गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर घटनास्थल पर पहुंचे चौकी इंचार्ज उग्रसेन सिंह ने 108 एंबुलेंस से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलिया पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने राकेश कुमार को मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल उसके साथी बांकेलाल को प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। राकेश की मौत की खबर पाकर मौके पर पहुंचे परिजन ने जमकर हंगामा किया और करीब दर्जन भर भैंस पकड़कर अपने साथ गांव ले गए। पुलिस ने शव को पीएम के लिए जिला मुख्यालय भेजवा दिया है।
समय से होता तिलक तो टल सकता था हादसा
कंधरहिया गांव के लोगों ने बताया कि बृहस्पतिवार को दिन में तिलक होना था, लड़का पक्ष ने दिन के हिसाब से तैयारी कर लीं थी लेकिन लड़की पक्ष के लोगों को इंतजार करते-करते शाम हो गई। दिन में ही अगर तिलक समारोह निपट जाता तो शायद यह हादसा नहीं होता।