महेवागंज (लखीमपुर खीरी)। प्रवासी मजदूरों को छोड़ कर लखीमपुर जा रही गोला डिपो की रोडवेज बस खंभारखेड़ा मिल के पास सामने से आ रही डीसीएम से टकरा गई। हादसे में बस चालक और परिचालक घायल हो गए। चौकी पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
शुक्रवार रात गोला डिपो की रोडवेज बस प्रवासी मजदूरों को लेकर निघासन गई थी। मजदूरों को छोड़कर शनिवार सुबह बस वापस लखीमपुर जा रही थी। शारदानगर मार्ग पर खंभारखेड़ा मिल के आगे सड़क क्रॉस कर राहगीर को बचाने के चक्कर में बस अनियंत्रित होकर सरिया सीमेंट लदी डीसीएम से टकरा गई। हादसे में हरदोई जिले के सांडी कस्बा निवासी रोडवेज चालक सौरभ गुप्ता और शाहजहांपुर निवासी परिचालक विकास गुप्ता घायल हो गए वहीं डीसीएम सवार लोग बाल-बाल बच गए। चौकी के सिपाही राजेश तिवारी ने घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।