पलियाकलां। शारदा नदी के श्रीनगर गांव के पास ओवरटेक करते समय एक गन्ना भरा ओवरलोड ट्रॉला एक ट्रैक्टर ट्रॉली पर जाकर पलट गया। इसमें एक महिला समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनको इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद ट्रॉला चालक मौके से भाग गया। पूरा गन्ना रोड पर पड़ा रहा। जिसको राहगीरों ने किसी तरह से हटाकर रोड किनारे किया तब जाकर आवागमन शुरू हो सका।
भीरा थाना क्षेत्र के गड़रियनपुरवा निवासी साधूराम पुत्र कंधई के घर निघासन थाना क्षेत्र के धूसर गांव से 25 क्विंटल गेहूं ट्रैक्टर ट्रॉली से गांव जा रहा था। ट्रैक्टर ट्रॉली पर वीरावती पत्नी साधूराम, साजन पुत्र साधूराम, राकेश पुत्र टीकाराम तथा रामरूप पुत्र राकेश सवार था। जबकि ट्रैक्टर का चालक नन्हू धीरे-धीरे ट्रैक्टर ट्रॉली को लेकर गांव की ओर जा रहा था। बताया जाता है कि श्रीनगर गांव के पास पीछे से एक तेज रफ्तार ओवरलोड गन्ना भरा ट्रॉला आ रहा था जो गुलरिया चीनी मिल को जा रहा था। ओवरटेक करते समय अचानक ट्रॉला अनियंत्रित हो गया और ट्रैक्टर ट्रॉली पर ही पलट गया। घटना में ट्रैक्टर चालक को छोड़कर बाकी सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिनको राहगीरों ने प्राइवेट चिकित्सक के यहां भर्ती कराया है। उधर घटना के बाद ट्रॉला का गन्ना भी रोड पर बिखर गया जिसको राहगीरों ने रोड किनारे लगवाया। तब जाकर आवागमन सुचारु हो सका।