मैगलगंज (लखीमपुर खीरी)। लखीमपुर-मैगलगंज मार्ग पर शनिवार को तेज रफ्तार डीसीएम ने पैदल सड़क पार कर रहे दो राहगीरों को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस पर गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगा दिया और हंगामा किया। पुलिस ने समझा बुझाकर जाम खुलवाया और शव पोस्टमार्टम को भेजे।
हादसा थाना मैगलगंज क्षेत्र की औरंगाबाद पुलिस चौकी के माखन चौराहा पर हुआ। गांव ओसरी निवासी रामराखन उर्फ मैलू (40) पुत्र छोटकरन अपने रिश्तेदार छोटेलाल (50) पुत्र उमराव निवासी ढकिया के साथ साइकिल लेकर पैदल सड़क पार कर रहे थे। इसी बीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने दोनों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन समेत भाग रहे चालक को पुलिस ने मय डीसीएम पकड़ लिया। सूचना पर दोनों के परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। गुस्साए ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। पुलिस के पहुंचने पर ग्रामीण मुआवजा दिलाने और अफसरों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। इस पर एसडीएम मितौली दिग्विजय सिंह और सीओ शुतांश कुमार मौके पर पहुंचे। बाद में उनके समझाने पर ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत सिंह ने बताया कि करीब आधा घंटे जाम लगा रहा। शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजे गए हैं। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट लिखकर कार्रवाई की जाएगी।