जंगबहादुरगंज। पसगवां कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-24 पर मंगलवार सुबह करीब चार बजे ट्रक और कंटेनर की टक्कर में कंटेनर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा और मृतक के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ट्रक सीतापुर से शाहजहांपुर की ओर जा रहा था सामने से आ रहे कंटेनर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर चालक जंगबहादुर सिंह (40) का सिर धड़ से अलग होकर दूर जा गिरा। मृतक जंग बहादुर सिंह मिर्जापुर का निवासी था। जबकि ट्रक में सवार चालक कबरे आलम (40), वसीम (20), बबलू (24) निवासीग्राम जाया जनपद अमरोहा गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पसगवां में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल शाहजहांपुर भेज दिया गया है। चौकी प्रभारी विशंभर दयाल ने बताया कि मृतक कंटेनर चालक जंगबहादुर सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।