धौरहरा। कोतवाली क्षेत्र के सिसैया-धौरहरा मार्ग पर बबुरी मोड़ के पास लकड़ी भरे ट्रैक्टर ट्रॉली में पीछे से आ रही डीसीएम ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर ट्रॉली सड़क किनारे पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबकर उसके चालक की मौत हो गई। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में ले लिया है।
रविवार की तड़के निघासन थाना क्षेत्र के गांव लखनियापुर निवासी चंदगी राम गौतम गांव से ट्रॉली में सेमल की लकड़ी भरकर ट्रैक्टर से लेकर ईसानगर कोतवाली क्षेत्र के एक प्लाइवुड की दुकान पर जा रहा था। सिसैया मार्ग पर बबुरी मोड़ के पास पीछे से आ रही डीसीएम ने ट्रॉली में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर सड़क किनारे पलट गया। ट्रैक्टर के नीचे दबने से चंदगी राम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक डीसीएम मौके पर छोड़कर भाग निकला। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक हरिओम श्रीवास्तव ने डीसीएम को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने ट्रैक्टर के नीचे फंसे चालक के शव को निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक हरिओम श्रीवास्तव ने बताया डीसीएम चालक की तलाश की जा रही है। मृतक के परिवार वालों की तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।