दो मजदूरों को जिला अस्पताल भेजा गया
अमीरनगर। क्षेत्र के मगदापुर गांव में प्रधान के घर में छत का झूला खोलते समय अचानक लिंटर के गिर जाने से छह मजदूर दब गए। जिन्हें मोहम्मदी के सीएचसी में इलाज के लिए भेजा गया है, गंभीर रूप से घायल दो मजदूरों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मगदापुर निवासी ग्राम प्रधान रामशंकर शुक्ला ने घर के कमरे में 17 दिसंबर को लिंटर पड़वाया था। प्रधान ने मंगलवार को लिंटर का झूला खुलवाने के लिए गांव के मजदूर बुलाए। बताते है कि सुबह करीब नौ बजे लिंटर का झूला खोल रहे मजदूर जसवंत (35), छैलबिहारी (34), विकास (20), सचिन (18), खीरा (36), अनूप (18) कमरे में काम कर रहे थे इसी दौरान बल्ली हटाते ही लिंटर का मलवा गिरने लगा। अचानक गिरे मलवे की चपेट में आए मजदूरों की चीख-पुकार सुनकर प्रधान ने आसपास के लोगों को बुलाकर मलवा हटवाया लेकिन मलवा हटने पर सभी मजदूर घायल अवस्था में मिले। ग्राम प्रधान ने तत्काल सभी घायलों को मोहम्मदी सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से दो मजदूर जसवंत और छैलबिहारी की हालत देखते हुए डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। संवाद