लखीमपुर खीरी। शुक्रवार से शुरू होने वाली पुलिस भर्ती परीक्षा पांच दिनों तक चलेगी। 23, 24, 25, 30 व 31 को शहर के 15 केंद्रों पर परीक्षा संपन्न कराई जाएगी। परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में होगी। केंद्र पर तैनात स्टाफ और अभ्यर्थियों के मोबाइल ले जाने पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी। बृहस्पतिवार को एसपी, एएसपी सहित अन्य अधिकारियों ने केंद्रों का जायजा लिया और तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
जिले में पांच दिनों तक पुलिस भर्ती परीक्षा होनी है। इसको लेकर बृहस्पतिवार की देर शाम तक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। केंद्रों पर सीटिंग प्लान करा दिया गया था। अभ्यर्थियों को केंद्र पर कैसे प्रवेश दिया जाएगा, इसको लेकर निर्देश दिए गए। केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और नकलविहीन ढंग से सम्पन्न हो, इसके लिए एसपी गणेश प्रसाद साहा, एएसपी प्रवीण गौतम, नैपाल सिंह सहित जिले के कई अधिकारियों ने केंद्रों पर पहुंच कर तैयारियों का जायजा लिया।
परीक्षा दो पालियों में संपन्न कराई जाएगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह दस बजे से 12 बजे तक होगी, जबकि दूसरी पाली की परीक्षा शाम तीन बजे से लेकर पांच बजे तक संपन्न होगी। केंद्रों पर अभ्यर्थियों को आधा घंटे पहले पहुंचने के निर्देश हैं। ताकि समय पर उन्हें प्रवेश दिया जा सके।
अभ्यर्थियों को न हो परेशानी, नंबर जारी
परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो, इसको लेकर पुलिस विभाग ने नंबर जारी किए हैं। अभ्यर्थी जारी नंबरों पर कॉल करके परीक्षा संबंधी समस्याओं का समाधान करा सकते हैं। मीडिया सेल की ओर से जारी नंबरों में यातायात कंट्रोल रूम-9454844045, जनपद नियंत्रण कक्ष -9454417444, पुलिस परीक्षा कंट्रोल रूम प्रभारी सीओ अजेंद्र यादव -9454401486 व उपनिरीक्षक सिद्धांत 8650026486 पर फोन करते हुए समस्या बता कर समाधान पा सकते हैं।
प्रत्येक पाली में 4896 अभ्यर्थी देंगे पुलिस परीक्षा
दोनों पालियों में कुल 4896-4896 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। यानी प्रत्येक दिन 9792 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। पांच दिन आयोजित होने वाली परीक्षा में कुल 48,960 अभ्यर्थी शामिल होंगे। दूरदराज से आने वाले अभ्यर्थियों के साथ उनके अभिभावक भी आएंगे। ऐसे में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सिपाहियों की तैनाती की गई है।
चौराहे पर लगाए गए पथ प्रदर्शक फ्लैक्स-बैनर
सैकड़ों किलोमीटर की दूरी तय कर परीक्षा देने आए अभ्यर्थियों को केंद्र तलाश करने में कोई दिक्कत न हो, इसको लेकर पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों-चौराहों पर फ्लैक्स व बैनर लगाए गए हैं। इन पथ प्रदर्शक बैनरों पर परीक्षा केंद्र की दूरी, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे से आवागमन के रास्ते को बताया गया है। किस तरह से केंद्र तक आसानी से पहुंचा जा सके, इसकी पूरी जानकारी दर्शाई गई है।
इन केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा
1.अबुल कलाम गर्ल्स इंटर कॉलेज
2. आदर्श जनता इंटर कालेज देवकली
3. भगवानदीन आर्यकन्या इंटर कॉलेज
4. धर्मसभा इंटर कॉलेज
5. गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज
6. राजकीय इंटर कॉलेज
7. पालीटेक्निक कॉलेज
8. राजकीय कन्या इंटर कॉलेज
9. गुरुनानक इंटर कॉलेज
10. इस्लामियां इंटर कॉलेज
11. कृषक समाज इंटर कॉलेज फत्तेपुर
12. पीके इंटर कॉलेज
13. स्वामी श्याम प्रकाश इंटर कॉलेज
14. युवराज दत्त महाविद्यालय
15. जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज कालाआम