- बच्चों एवं युवाओं ने की जमकर रंगों की बौछार
संवाद न्यूज एजेंसी
लखीमपुर खीरी। होली बुधवार को जिले भर में हर्षोल्लास से मनाई गई। दोपहर तक घरों से लेकर सड़कों एवं चौराहों पर बच्चों और युवाओं की टोली रंग में सरोबार होकर धमाल मचाती रही। दोपहर बाद होली मिलन शुरू हुआ। लोगों ने एक-दूसरे के घर जाकर होली की बधाई देकर गुझियों के संग पकवानों का लुत्फ उठाया।
मंगलवार रात को भी होलिका दहन हुआ। इसके बाद बुधवार की सुबह रंग की शुरूआत हुई। सुबह से लेकर दोपहर तक शहर से लेकर ग्रामीण अंचल में जमकर रंग खेला गया। बच्चों से लेकर बड़े एवं बुजुर्ग मिलने वालों को रंग से सरोबार करते रहे। युवाओं और बच्चों की टोली हैप्पी होली... बुरा न मानी होली है... कहते हुए एक- दूसरे को रंग और गुलाल की बौछार करते रहे।
उधर, मोहल्लों में डीजे पर युवा और बच्चे एक-दूसरे पर रंगों की बौछार करते हुए थिरकते रहे। घरों में महिलाएं और युवतियों ने आपस में रंग खेलकर होली का त्योहार मनाया। रंग खेलने का सिलसिला दोपहर दो बजे तक चलता रहा। इसके बाद होली मिलन की परंपरा शुरू हो गई। लोगों ने नए कपड़े पहनकर घर के बड़े एवं बुजुुर्गों का आशीर्वाद लिया और तैयार होकर होली मिलने के लिए निकल पड़े। एक दूसरे के घर जाकर गले मिलकर होली की बधाई देकर पकवान खासकर गुझिया, रसगुल्ला, चिप्स, पापड़ सहित अन्य कई तरह के पकवानों का स्वाद लिया। यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा। इससे सड़कों पर रात 11 बजे तक होली मिलने वालों का आवागमन जारी रहा।
पलियाकलां। दोपहर तक भारी चहल-पहल का माहौल दिखाई दिया। पुलिस-प्रशासन भी पूरी तरह से अलर्ट दिखा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सीओ आदित्य कुमार गौतम, प्रमोद कुमार मिश्रा समेत भारी पुलिस बल घूमता रहा। बृहस्पतिवार को थाना परिसर में पुलिस की होली खेली गई।
होली मिलन में व्यंजनों का उठाया लुत्फ
दोपहर तक रंग खेलने के बाद होली मिलन का दौर शुरू हो गया। नए कपड़े पहनकर लोगों ने बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। इसके बाद होली मिलन का दौर शुरू हुआ, जो देर रात तक चलता रहा। एक दूसरे के घर पहुंचकर लोगों ने गले मिलकर होली की बधाई दी और गुझिया, पापड़, चिप्स, रसगुल्ला आदि तमाम तरह के व्यंजनों का स्वाद लिया।
रंग में सराबोर रहीं युवाओं की टोलियां
गोला गोकर्णनाथ। नगर और क्षेत्र में होली परंपरागत ढंग से मनाई गई। रंग से सराबोर युवा, मुखौटे सिर पर अजीब ढंग की टोपियां लगाए टोलियों में थिरकते हुए निकले। नगर के सदर चौराहे, शिवम चौराहा, विकास चौराहा सहित नगर और क्षेत्र में सीओ राजेश कुमार और प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीमें गतिशील रहीं।
ममरी। युवाओं ने एक-दूसरे के गुलाल-अबीर लगाकर डीजे पर डांस करके जमकर मौज मस्ती की। रामपुर नंबर 18 खोखाय सहित कई स्थानों पर होरियारों ने धमाल निकालकर होली खेली। उधर, घर पर आए लोगों को गुझिया और नमकीन खिलाकर आपस में गले मिले। संवाद
संकटा देवी के रंगउत्सव में डीजे पर धमाल मचातीं महिलाएं