अजमानी इंटरनेशनल में रिजल्ट देखकर खुश हुए छात्र छात्राएं। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। शहर के डान बास्को कॉलेज की छात्रा आकृति विश्वास ने सीबीएसई बोर्ड इंटर के नतीजे में 97.4 प्रतिशत अंकों के साथ जिला टॉप किया, तो उसके परिवार वाले भी खुशी से झूम उठे। छात्रा आकृति के पिता विश्वास श्रीवास्तव पेशे से वकील हैं, तो मां नमिता श्रीवास्तव जीजीआईसी में शिक्षक हैं। सेल्फ स्टडी को गुरुमंत्र की तरह प्रयोग में लाकर सफलता का परचम लहराने वाली आकृति भविष्य में आईएएस बनकर देश की सेवा करना चाहती हैं। वह अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों और माता-पिता को देती हैं।
--
वैज्ञानिक बनकर देश का नाम रोशन करेगा अभय
लखीमपुर खीरी। पंडित दीनदयाल उपाध्याय सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज के छात्र अभय यादव ने 96.4 प्रतिशत अंक हासिल करके जनपद में दूसरा स्थान हासिल करके कॉलेज का नाम रोशन किया है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले छात्र अभय का सपना है कि वह वैज्ञानिक बनकर देश का नाम रोशन करे। नियमित पढ़ाई करके सफलता का शिखर चूमने वाले अभय अपनी कामयाबी का श्रेय अपने गुरुजनों के मार्गदर्शन और माता-पिता को देते हैं। उनकी कामयाबी से घर में खुशी का माहौल बन गया। परिवार के लोगों ने अभय को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
----
आईएएस बनना चाहती हैं अंशुल
पलियाकलां। सीबीएसई कक्षा 12 के परिणाम में जिले टाप थ्री आने वाली दून इंटरनेशनल सीनियर सेकेंड्री स्कूल पलिया की छात्रा अंशुल राना ने 96.2 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उनका लक्ष्य अब आईएएस बनने का है और वह कहती हैं कि मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। पलिया तहसील के गांव लोकनपुरवा निवासी उनके पिता सेवक राना और मां पूनम देवी उनकी इस कामयाबी पर काफी खुश हैं उन्होंने कहा कि वह बेटी के आईएएस बनने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए हर वक्त उसके साथ खड़े रहेंगे। उनके घर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। स्कूल के चेयरमैन जगत चौधरी, एमडी प्रणव चौधरी, प्रिंसिपल रतन मेहरा ने उनकी इस कामयाबी पर उनको बधाई दी है।