पलियाकलां। शहर के मोहल्ला बाजार प्रथम मेला सिंह चौराहे के पास सोमवार रात शार्ट सर्किट से एक मोबाइल एसेसरीज की दुकान में आग लग गई। लगभग तीन से चार घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।
मोहल्ला बाजार प्रथम मेला सिंह चौराहे के पास संजय गुप्ता की मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान है। सोमवार रात लगभग नौ बजे के करीब दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना के बाद दुकान मालिक समेत आसपास के काफी संख्या में लोग जमा हो गए।
इंस्पेक्टर सुनील कुमार, चौकी इंचार्ज उदयभान यादव भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों के सहयोग से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि नगर पालिका का पानी का टैंकर भी आग पर काबू नहीं पा सका। देर रात पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान मालिक के मुताबिक उसका थोक का व्यापार है, आग से लगभग लाखों रुपये का सामान जल गया है।
---
आग से जले घरों से दूसरे दिन भी उठता रहा धुआं
मझगईं। सोमवार को भगवंतनगर गुलरा गांव में संदिग्ध हालात में लगी आग से पचास घर जलकर राख हो गए थे। जले घरों से मंगलवार को दूसरे दिन भी धुआं उठता रहा। पीड़ितों के पास कपड़े, राशन समेत अन्य कोई भी सामान नहीं बचा है। मंगलवार का दिन पीड़ितों का खुले आसमान के नीचे बीता। उधर मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय लेखपाल ने रिपोर्ट तैयार की है। साथ ही जल्द मुआवजा दिलाने का आश्वासन भी दिया है।संवाद
संदिग्ध हालात में लगी आग, जला छप्परनुमा घर
पलियाकलां। इलाके के सरखना पूरब में तड़के चार बजे आग लगने से एक छप्परनुमा घर राख हो गया।
सरखना पूरब निवासी भूपेंद्र राना ने बताया कि सुबह चार बजे के आसपास उसको और परिजन को आग की तपिश महसूस हुई। जब वह जागा और देखा तो उसका छप्परनुमा घर धू-धू कर जल रहा था। किसी तरह से सभी परिजन बाहर आए और शोर मचाना शुरू मचाया। शोर सुनकर आसपास के लोग आ गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग से भूपेंद्र के घर पर रखे 20 हजार रुपये और कपड़ा, बर्तन समेत अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। संवाद