लखीमपुर खीरी। अलग अलग स्थानों पर आग लगने से एक घर जल गया जबकि पसगवां और मोहम्मदी में कई एकड़ फसल जल गई।
भीखमपुर। हैदराबाद थाना क्षेत्र के आंवला गांव में रात आग लगने से एक घर में रखा सामान जल गया, जिसमें हजारों रुपयों का नुकसान हुआ है। आंवला निवासी डीएम के घर में शनिवार रात आठ बजे पड़े छप्परों में अचानक आग लग गई, जिसमें 1200 रुपये नकद, चारपाई, कपड़ा, अनाज समेत हजारों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। पड़ोसियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
पसगवां। खेतों में अचानक लगी आग से किसानों की गेहूं और गन्ने की फसल जलकर राख हो गई। आग से गांव निवासी राज किशोर और परमेश्वरीदीन शुक्ल का पांच-पांच बीघा गन्ना जल गया। इसके अलावा इकरार खां का दो बीघा गन्ना, और खेत में पड़ा एक ट्रॉली गन्ना जल गया, जबकि अजय कुमार मिश्र के खेत में गेहूं की फसल जल गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड भी पहुंची, जिसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने की सूचना तहसील प्रशासन को दे दी गई है। हालांकि, आग के कारणों का पता नहीं चल सका।
मोहम्मदी। तेज हवा की वजह से गदमापुर गांव में बिजली का तार टूटकर गेहूं के खेत में गिर गया, जिससे निकली चिंगारी से गेहूं की फसल में आग लग गई। जिससे आलोक सिंह और पप्पू सिंह की 14 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। वहीं, ग्रामीणों चारों तरफ से ट्रैक्टरों के जरिये खेत की जुताई कर आग पर काबू पाया।
संदिग्ध हालात में लगी आग, हजारों का नुकसान
मझगईं। इलाके के बेला कलां गांव में संदिग्ध हालात में एक छप्परनुमा घर में आग लग गई, जिससे घर में रखे पांच हजार रुपये समेत घरेलू सामान जल गया। बेलाकलां गांव निवासी जगन्नाथ के घर रविवार दोपहर बाद संदिग्ध हालात में आग लग गई और पूरा घर धू-धू कर जलने लगा। आसपास के लोगों की मदद से ग्रामीण ने किसी प्रकार से आग पर काबू पाया। ग्रामीण जगन्नाथ के मुताबिक पांच हजार रुपये समेत सारा घरेलू सामान आग से जल गया। संवाद
गोशाला में आग से गाय की मौत
गोला गोकर्णनाथ। कोटवारा रोड स्थित गोशाला में सुबह आग लगने से पशुओं की छाया के लिए बने छप्पर जल गए और एक गाय की मौत हो गई। भारतीय गौ संरक्षक एवं संवर्धन समिति कोटवारा द्वारा संचालित गोशाला में सुबह साढ़े छह बजे छप्पर में आग लग गई, जिसमें 12 गाय बंधी हुई थीं। आग की तेज लपटों में खूंटे से बंधी एक गाय जिंदा जल कर मर गई।
समिति के प्रबंधक पवन प्रभाकर ने आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड को सूचना दी। जब तक फायर ब्रिगेड पहुंची तब तक पशुशाला के छप्पर जलकर राख हो गए। सूचना के बावजूद चुनाव में व्यस्त अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच सके। गोशाला में आग लगने की सूचना पर भाजपा नेता राजन शुक्ला, शिवम कश्यप, अमन फतेहपुरी, मंजीत राणा ने मौके पर पहुंचकर गोशाला में पर्याप्त पानी की व्यवस्था कराने और शासन से टीन शेड डलवाने का आश्वासन दिया है। संवाद