लखीमपुर खीरी। शहर से सटे गांव मथना में शराब न देने से नाराज तीन युवकों ने मिलकर एक युवक पर त्रिशूल से हमला कर दिया। वहीं जमकर धुनाई कर दी। त्रिशूल लगने से युवक घायल हो गया। मारपीट के दौरान लोगों को एकत्र होता देख सभी आरोपी मौके से भाग गए। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की तहरीर पर तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में गांव विष्णुपुर निवासी राजाराम ने बताया कि वह मथना गांव के उत्तर माता जी मंदिर के पास खड़ा था। इसी दौरान रोशन और बाबा उर्फ ब्राह्मा आए और शराब मांगने लगे। आरोप है कि शराब की मांग पूरी न होने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। यह देख मौके पर प्रदीप वर्मा आया और तीनों ने मिलकर पिटाई कर दी। आरोपियों ने राजाराम पर जानलेवा हमला करते हुए लोहे के त्रिशूल से सिर और पीठ पर वार कर दिए। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। संवाद