मैगलगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव लिधियाई निवासी कल्लू का पुत्र राजू लगभग एक वर्ष से लापता है। अब तक उसका पता नहीं लगा है। परेशान परिजन कोतवाली के चक्कर काटने पर मजबूर हैं।
राजू के पिता कल्लू ने पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि उनका बेटा भट्ठे पर काम करने गया था। राजू की पत्नी भी साथ में काम करती थी। राजू ने पत्नी को ठेकेदार के साथ देख लिया। इसके बाद राजू अपनी पत्नी के साथ गांव लौट आया। पत्नी को ठेकेदार से दूरी बनाए रखने के लिए कहा, लेकिन दंपती में विवाद हो गया और राजू की पत्नी मायके चली गई।
वहीं, राजू एक बार फिर भट्ठे पर काम करने लौट गया। इसके बाद से वह अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। राजू के पिता ने बताया कि जब वह बेटे की जानकारी लेने के लिए भट्ठे पर पहुंचे तो वहां मौजूद लोगों ने कोई ठीक जवाब नहीं दिया, बल्कि यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि उन्हें नहीं पता तुम्हारा बेटा कहां गया, जाकर खुद ढूंढो। कल्लू ने कोतवाली में लिखित तहरीर दी। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर पर भी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन एक साल बीतने के बाद भी न तो कोई कार्रवाई हुई और न ही उनका बेटा वापस लौटा।
कोतवाली प्रभारी रविंद्र कुमार पांडे ने बताया कि इस मामले में गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।