रमियाबेहड़। दिल्ली में मजदूरी करने गए सिंगाही कस्बे के एक युवक की पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। उसका शव गांव पहुंचने के बाद बुधवार को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सिंगाही कस्बे के वार्ड नंबर तीन मोहल्ला बाड़ियन टोला निवासी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि उनका छोटा भाई 24 वर्षीय विशाल पुत्र सुरेश कुमार करीब 20 दिन पहले दिल्ली के बिजवासन स्थित एलएनटी कंपनी में मजदूरी करने गया था।
आरोप है कि रविवार को मजदूरों और ठेकेदार पक्ष के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसका दिन में समझौता भी हो गया था। इसी रंजिश में रात करीब आठ बजे एक मजदूर अपने तीन-चार साथियों के साथ विशाल और उसके साथियों पर हमला करने पहुंच गया।
परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड और सरियों से हमला किया, जिसमें विशाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज दिल्ली में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलने पर भाई शैलेंद्र दिल्ली पहुंचा, लेकिन तब तक विशाल की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची दिल्ली के कापसहेड़ा थाना पुलिस ने पोस्टमाॅर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
मंगलवार रात विशाल का शव उसके पैतृक घर सिंगाही पहुंचा। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। बुधवार को उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिजनों के मुताबिक विशाल पिछले तीन वर्षों से दिल्ली में मजदूरी करता था। दिल्ली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।