सिंगाही। प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक को अपनी प्रेमिका से मिलना भारी पड़ गया। युवती के परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो युवक को दुकान से बुलवाकर अपने घर में बंदकर लाठियों से पीट दिया। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण क्षेत्र में तनाव है।
कस्बा सिंगाही के मोहल्ला बाजार निवासी युवक दोपहर के समय एक मोहल्ले में रहने वाली अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। जब वह युवती के घर पहुंचा, उस समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। शाम को परिजनों के लौटने पर उन्हें इस बारे में जानकारी मिली। इसके बाद युवती का एक परिजन बाजार स्थित एक मोबाइल दुकान पर पहुंचा, वहां युवक नौकरी करता है।
युवक को बहाने से दुकान से बुलवाकर अपने घर ले गया। वहां पहले से मौजूद परिवार के अन्य सदस्यों ने मोहित को रस्सी से बांधकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। शोरगुल सुनकर पहुंचे आसपास के लोगों ने युवक को किसी तरह बाहर निकाला और परिजनों की मदद से थाने पहुंचाया। पुलिस ने युवक की हालत को देखते हुए मेडिकल के लिए भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक्स-रे के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार ने बताया कि युवक की ओर से मारपीट की तहरीर दी गई है। युवती की ओर से भी छेड़खानी और मारपीट का आरोप लगाया गया है। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण पुलिस पूरी तरह सतर्क है।