मैलानी। मैलानी आउटर सिग्नल के पास ट्रेन की चपेट में आकर युवक की मौत हो गई। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। युवक ग्रे रंग की जैकेट, सफेद बनियान, काले रंग का लोअर पहने था।
मैलानी-लखनऊ खंड के मैलानी-बांकेगंज सेक्शन में मैलानी आउटर सिग्नल के पास सोमवार देर रात ट्रेन की चपेट में आकर एक युवक की मौत हो गई। सीतापुर की ओर से आई मालगाड़ी के चालक ने ट्रैक के पास शव देखकर घटनास्थल से पहले ही मालगाड़ी रोक दी और सूचना संबंधित अधिकारियों को देकर मालगाड़ी आगे बढ़ाई।
ट्रेन नंबर 05492 सीतापुर-मैलानी पैसेंजर की चपेट में आकर युवक की मौत होने की आशंका जताई जा रही है। इस ट्रेन का यहां पहुंचने का समय रात 9 बजकर 55 मिनट है। प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि मैलानी स्टेशन मास्टर की सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव अंडरपास के आगे आउटर सिग्नल के पास पड़ा था। संवाद