बॉ स्कूल लखनऊ की बेटियों ने दुधवा का भ्रमण किया। स्रोत : वन विभाग।
बांकेगंज (खीरी)। किताबों में पढ़ा जंगल जब आंखों के सामने जिंदा नजर आया तो 200 बेटियों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। दुधवा टाइगर रिजर्व की सैर उनके लिए रोमांच और सीख से भरा अनुभव बन गई।
लखनऊ के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों की छात्राएं शिक्षिकाओं के साथ बसों से दुधवा पहुंचीं। जंगल सफारी के दौरान उन्होंने स्वच्छंद घूमते बाघ, हिरनों के झुंड और गैंडों को करीब से देखा।
सबसे रोमांचक पल तब आया, जब एक गैंडा अपने बच्चे के साथ सड़क पार करता दिखा। यह दृश्य देख छात्राएं खुशी से झूम उठीं और काफी देर तक उस नजारे को निहारती रहीं। जंगल के बीच जलाशयों पर रंग-बिरंगे पक्षियों का कलरव और छोटे वन्यजीवों की हलचल ने इस अनुभव को और खास बना दिया।
इस दौरान दुधवा टाइगर रिजर्व के एफडी डॉ. एच. राजामोहन और उपनिदेशक जगदीश आर ने छात्राओं को दुधवा की जैव विविधता और यहां पाए जाने वाले वन्यजीवों के बारे में जानकारी दी। छात्राओं ने इस यात्रा को अविस्मरणीय बताया। इस मौके पर स्टेनो रमेश कुमार, डिप्टी रेंजर सुरेंद्र कुमार, सुशांत समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।