भिड़ंत के बाद मौके पर उपस्थित यात्री। संवाद
बिजुआ। भीरा थाना क्षेत्र के गांव नब्बूपुरवा चौराहे पर मंगलवार को बस चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। इससे गन्ना लादकर आ रहा एक ट्रैक्टर बस से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में ट्रैक्टर चालक बाल-बाल बच गया।
गांव कोरारा निवासी सलीमुद्दीन अपने मालिक सुनील वर्मा के खेत से गन्ना लेकर गुलरिया चीनी मिल जा रहे थे। नब्बूपुरवा चौराहे के पास सारंग ट्रैवल्स की बस ने ट्रैक्टर को ओवरटेक किया।
इसके बाद बस चालक ने स्टैंड की बजाय अन्य स्थान पर अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे पीछे आ रहे सलीमुद्दीन ने भी अचानक ब्रेक लगाए, लेकिन वे ट्रैक्टर का संतुलन नहीं संभाल पाए और गन्ना लदे ट्रैक्टर के साथ बस से जा टकराए। टक्कर से ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रैक्टर के पीछे डनलप में भरा गन्ना भी आगे की ओर आ गया। इससे चालक सलीमुद्दीन को भी हल्की चोटें आईं। सूचना मिलने पर पड़रिया तुला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस बस और क्षतिग्रस्त ट्रैक्टर को पड़रिया तुला चौकी ले आई।