धौरहरा। बच्चे की दवा लेकर वापस आ रहे कस्बा निवासी दंपती की बाइक को डाक विभाग के ट्रक ने टक्कर मार दी। दंपती के छह माह के शिशु की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई।
शनिवार शाम करीब सात बजे धौरहरा कस्बे के सिनेमा चौराहे के निकट रहने वाले हबीबुर्ररहमान अपने बच्चे रूहान की दवा लेकर सिसैया से घर वापस आ रहे थे। तभी सिनेमा चौराहा के निकट धौरहरा से जा रही डाक पार्सल वाले ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बच्चा उछलकर सड़क पर गिर गया। गंभीर चोट आने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे कस्बा इंचार्ज रामजीत यादव ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।
कोतवाल विवेक उपाध्याय के अनुसार पार्सल ट्रक से टक्कर होने से मां की गोद से उछलकर ट्रक के नीचे आने से कुचलकर शिशु मौत हो गई है जानकारी मिलते ही चालक सहित ट्रक कब्जे में ले लिया गया। तहरीर मिलते ही विधिक कार्यवाही की जाएगी।