जीआईसी के पास नजूल की जमीन पर बनी दुकान को गिराती जेसीबी। संवाद
- फोटो : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के समर्थन में व्यापारियों ने निकाला मार्च
लखीमपुर खीरी। कामनाथ मार्केट में नजूल भूमि पर रात के अंधेरे में बनाई गई दुकान को सोमवार को नगर पालिका प्रशासन ने जेसीबी चलवाकर ध्वस्त करा दिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
नगर पालिका के ईओ संजय कुमार ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले भी इस निर्माण के खिलाफ प्रशासन की ओर से कार्रवाई की गई थी। इसके बावजूद पिछले दिनों रात के अंधेरे में दोबारा दुकान का निर्माण करा दिया गया और उसकी छत भी डाल दी गई। जानकारी मिलने पर सोमवार को प्रशासन और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी से दुकान ध्वस्त करा दी।
ईओ ने बताया कि दुकान नजूल भूमि पर बनाई गई थी। निर्माणकर्ता के पास जमीन के आवंटन या पट्टे से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं हैं। बिना अनुमति किए गए निर्माण के चलते कार्रवाई की गई है।
इस मौके पर अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, नायब तहसीलदार अश्वनी कुमार, राजस्व निरीक्षक फैज खान, सफाई खाद निरीक्षक विशाल शुक्ला व मुरारीलाल, सर्वेयर अमित सोनी समेत पुलिस बल मौजूद रहा।