गन्ना भरी टैक्टर ट्राली में भिड़ी रोडवेज बस। सवांद
मितौली। घने कोहरे में लखीमपुर–मैगलगंज मार्ग पर कष्टहरण धाम रतहरी गांव के पास शनिवार सुबह सीतापुर डिपो की रोडवेज बस और गन्ना लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली में आमने-सामने भिड़ंत हो गईं। हादसे में बस चालक सहित सभी सवारियां सुरक्षित रहीं, जबकि ट्रैक्टर चालक सुभाष यादव को हल्की-फुल्की खरोंचें आई हैं।
रोडवेज बस लखनऊ जा रही थी। वहीं, ट्रैक्टर-ट्राॅली से गन्ना लेकर चालक ओदरहा से ललहौवा गांव जा रहा थ। हादसे में बस का शीशा व ड्राइवर साइड का बंफर टूट गया। ट्रैक्टर पूरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गया। भिड़ंत के बाद कुछ देर के लिए मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। बस में सवार ड्राइवर व कंडक्टर समेत सभी सवारियों को सुरक्षित निकालकर दूसरी बस से भेजा गया।
सूचना पर पहुंची मितौली पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करवाकर यातायात बहाल कराया। रोडवेज बस को पुलिस थाने ले आई है। संवाद