मोहम्मदी। गोमती नदी के काकर घाट पर पुल बनने से कई गांवों के लोगों का सफर आसान होने की उम्मीद है। 31.74 करोड़ रुपये के बजट से प्रस्तावित निर्माण के लिए बुधवार को विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने विधि-विधान से भूमि पूजन किया। पुल बनने से लखीमपुर खीरी, हरदोई और शाहजहांपुर के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
अभी बरवर से अमीरनगर जाने के लिए लोगों को मोहम्मदी होकर करीब 18 किलोमीटर का रास्ता तय करना पड़ता है। इसके बाद भी उन्हें 10 से 12 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। काकर घाट पर पुल बनने से इस लंबे चक्कर से राहत मिलेगी। बरसात के दिनों में गोमती नदी के कारण आवागमन में होने वाली परेशानी भी कम होगी।
इस पुल से अमीरनगर, मगदापुर, बस्तौली, वीरपुर, छतरी, कंधरापुर, सैदापुर, चंदनापुर, सरैया, विलियम, बनजरिया, धुरहा, गरदहा और रसूलपुर समेत कई गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। वहीं, बरवर क्षेत्र के सिमरा, जानीपुर, शाहपुर जागीर, बढ़खर, दुल्हापुर चौबे, दुल्हापुर किसान, भानपुर, बिलहरा, मकसूदपुर, बसरा, रामपुर मदारी, बसंतापुर और जमुका के लोगों का आवागमन भी सुगम होगा।
पुल बनने से फर्रुखाबाद से आने वाले श्रद्धालुओं को टेढ़ेनाथ धाम पहुंचने में भी सुविधा होगी। सिमरा-जानीपुर में ग्रामीणों की ओर से बनवाए गए मंदिर में दर्शन और यहां होने वाले वार्षिक शतचंडी महायज्ञ व भंडारे में शामिल होने वालों को भी लाभ मिलेगा। अभी बारिश के मौसम में नदी के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी उठानी पड़ती है।