लखीमपुर खीरी। गढ़ी रोड स्थित पद्मावती कॉलोनी में सोमवार की सुबह महिला के साथ हुई ठगी के मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस पीड़िता के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगालने में जुटी है।
मोहल्ला पद्मावती कॉलोनी निवासी जगपाल सिंह के घर सोमवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे तीन ठग साधु की वेशभूषा में आए और उनकी पत्नी को अकेला देखकर उन्हें झांसे में ले लिया। तीनों ठगों ने महिला को एक मंदिर दिखाया और उससे वहां जेवर उतारकर रखने को कहा। झांसे में आई महिला ने जेवर उतारकर मंदिर के समीप रख दिया।
इस दौरान एक ठग ने पानी मांगा तो महिला अंदर पानी लेने चली गई। महिला बाहर आई तो देखा कि तीनों ठग गायब थे। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक मामले को छिपाए रखा। बाद में पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। संवाद