पलिया रामलीला में हो रहा संस्कृतिक कार्यक्रम। संवाद
पलियाकलां। श्री रामलीला मैदान में चल रहे दशहरा मेले में मंगलवार रात आयोजित सांस्कृतिक संध्या में बच्चों ने अपनी प्रतिभा से दर्शकों का मन मोह लिया। पूर्व सहकारिता मंत्री स्व. पटेल रामकुमार वर्मा की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में बाघ संरक्षण की नाटिका ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि ‘मेरे घर आये राम’ की भावपूर्ण प्रस्तुति पर दर्शक झूम उठे।
विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सामाजिक और धार्मिक विषयों पर प्रस्तुतियां दीं। श्रीराम गोपाल नेकी राम जूनियर हाईस्कूल, ब.वै.वि. इंटर कॉलेज, श्रीरामलीला बालिका इंटर कॉलेज और गोल्डन फ्लावर स्कूल के बच्चों ने नशामुक्ति, बाघ संरक्षण और ‘अनपढ़ नेताजी’ जैसे विषयों पर लघु नाटिकाएं प्रस्तुत कीं। धार्मिक भजनों पर एकल और सामूहिक नृत्य भी पेश किए गए।
लघु नाटिका प्रतियोगिता में ‘बाघ संरक्षण’ प्रथम, ‘लोकतंत्र खतरे में’ द्वितीय और ‘उजाले की ओर’ तृतीय स्थान पर रही। नृत्य प्रतियोगिता में ‘मेरे घर आये राम’ को पहला, ‘जिद पर आ गई पार्वती’ को दूसरा और ‘मुरलिया दे दो राधा’ को तीसरा पुरस्कार मिला। गायन प्रतियोगिता में गगनप्रीत सिंह ने अपनी सुरीली आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।