लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक मैरिज लाॅन में उचक्के ने दूल्हे के पिता के हाथ से 1.24 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है।
बेहजम निवासी श्रीकेशन के बेटे धर्मवीर की शादी शहर के सीतापुर मार्ग स्थित महेश्वर मैरिज लाॅन से होनी थी। बरात मंगलवार की रात मैरिज लाॅन में आई थी। बरात में श्रीकेशन के पास एक बैग था, जिसमें एक लाख 24 हजार रुपये की नकदी रखी हुई थी। आरोप है कि बरात पहुंचने के कुछ ही देर के बाद कुछ युवक आए और आपस में झगड़ने लगे। शादी में कोई विघ्न न पड़े, इसको लेकर श्रीकेशन बीच बचाव करने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान एक युवक रुपयों से भरा बैग छीनकर फरार हो गया।
बैग छीनकर भाग रहे युवक का पीछा भी किया गया, लेकिन तब तक वह काफी दूर जा चुका था। इधर, घटना की सूचना पुलिस को दी गई, सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। बुधवार को पीड़ित कोतवाली पहुंचा और तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी हेमंत राय ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है।